दिल्ली में सोमवार के बाद मंगलवार को भी न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिली। न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। कुछ इलाकों में तो न्यूनतम तापमान 17 डिग्री से नीचे रहा। सफदरजंग में मंगलवार को इस मौसम का सबसे कम रात का तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री कम है। यह सोमवार के न्यूनतम तापमान से 1.8 डिग्री कम था। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी हवाओं और साफ आसमान के कारण रातें ठंडी हो गई हैं।
मौसम विभाग की मानें तो अब न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे कमी आने लगेगी। पहाड़ों पर बर्फबारी होने और पश्चिम विक्षोभ आने के बाद दिल्ली में सर्दी के जल्द दस्तक देने की संभावना है। अक्तूबर के आखिरी हफ्ते तक थोड़ी ठंड हो सकती है।
मौसम विभाग के उपमहानिदेशक डॉ कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि दिल्ली से मानसून की विदाई हो चुकी है। अब उसके बाद की गतिविधियां शुरू हो गई हैं। आसमान में बादल नहीं होने के कारण अधिकतम तापमान 34-35 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है जबकि न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी जा रही है।
वहीं, उत्तर प्रदेश में मौसम के उतार चढ़ाव के बीच एक बार फिर बारिश की स्थिति बन रही है। दक्षिण पश्चिम मानसून की वापसी देश के विभिन्न स्थानों सहित उत्तर प्रदेश से भी हो सकती है। इसके साथ ही उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शेष हिस्सों से दक्षिण पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं। जिसके चलते यूपी के तापमान में बदलाव देखने को मिल सकता है।
आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक या दो स्थानों और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। बुधवार को पश्चिम उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा जबकि पूर्वांचल में एक या दो स्थानों पर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट भी जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश में 5, 6 और 7 अक्टूबर को मौसम ऐसा ही बना रहेगा।
राजस्थान में मानसून की विदाई के साथ अब प्रदेश के ज़्यादातर जिलों में दिन में धूप और रात में हल्की ठंडक देखने को मिलेगी। इसके साथ ही आने वाले हफ्ते से मौसम में फिर से बदलाव का अनुमान लगाया जा रहा है।