अयोध्या धाम में राम जन्मभूमि मंदिर में प्रस्तावित प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को देखते हुए अयोध्या धाम को चारों तरफ से चारमार्गी सड़कों से जोड़ने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। अयोध्या धाम शहर के अंदर भी अनेक मार्गों को चारमार्गी बनाया जा रहा है। अयोध्या राम जन्मभूमि मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बाद अयोध्या में उमडने वाली भीड़ के मद्देनजर उत्तर प्रदेश सरकार कई सड़कों को चारमार्गी कर रही है।
अयोध्या धाम से आंबेडकर नगर जनपद होते हुए बसखारी तक चारमार्ग सड़क का निर्माण 400 करोड़ की लागत से चल रहा है जिसमें अधिकांश काम पूरा हो गया है। इसी प्रकार अयोध्या से सुल्तानपुर प्रयागराज मार्ग को भी अब चारमार्ग बनाया जा रहा है।
अयोध्या से रायबरेली मार्ग को चारमार्ग का बना दिया गया है। इसी प्रकार से अयोध्या सरजू तट से बिलबहर घाट तक 132 करोड़ की लागत से सुधारीकरण और चौड़ीकरण किया जा रहा है। अयोध्या धाम से गोंडा होते हुए बलरामपुर तक चारमार्गी सड़क बनाई जा रही है। अयोध्या धाम से छपिया मंदिर मार्ग को भी चार मार्ग किया जा रहा है। अयोध्या धाम के अंदर रामपथ मार्ग 14 किलोमीटर लगभग है। उस पर भी रात दिन काम चल रहा है। अयोध्या के शृंगार हाट से राम जन्मभूमि पर भक्तिपथ मार्ग पर निर्माण कार्य तेजी से पूरा होने वाला है।
अयोध्या की बिरला धर्मशाला से सुग्रीव किला होते हुए राम जन्मभूमि पर सरकार फोरलेन मार्ग का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। और इसी रास्ते से अब श्रद्धालु दर्शन पूजन करने जा रहे हैं। अयोध्या के चारमार्ग सरजू पुल के पास से नया घाट तक भक्ति पथ का निर्माण भी पूरा कर लिया गया है। अयोध्या धाम के मुहावरा अंडरपास से राम जन्मभूमि पर कर तक 449 करोड़ की लागत से पुल और सड़क का निर्माण अंतिम चरण में है।
हनुमानगढ़ी के पीछे से होकर अंगद टीलाहोकर श्री राम अस्पताल तक सड़क का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसी प्रकार अयोध्या की अनेक सड़कों को चौड़ीकरण किया जा रहा है। अयोध्या की सरजू तट सेझुनकी घाट होते हुए राम जन्मभूमि परिसर तक ‘मार्निंग वाक’ पथ का निर्माण भी किया जा रहा है। अयोध्या में इन दिनों चारों तरफ सड़कों का निर्माण कार्य से चल रहा है क्योंकि अयोध्या का दीप उत्सव मेला तथा कार्तिक पूर्णिमा का स्नान, पंचकोशी और 14 कोसी परिक्रमा भी इसी माह में संपन्न की जानी है। दीपोत्सव कार्यक्रम 11 नवंबर को सुनिश्चित किया गया है।
इसकी तैयारियां अवध विश्वविद्यालय करा रहा है। अयोध्या धाम में राम पथ के निर्माण को लेकर सड़क के चौड़ीकरण के मामले में अनेक मकान ध्वस्त किए गए हैं और अनेक जगहों पर सड़क निर्माण में परेशानी भी आ रही है। अयोध्या के पंचकोसी परिक्रमा मार्ग और 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के भी चौड़ीकरण करने का काम शुरू हो गया है।
अभी प्रथम चरण में मुआवजा देने तथा मकान सड़क के अंतर्गत आने के हिस्से को ध्वस्त कराया जा रहा है। दीपोत्सव कार्यक्रम की तैयारी को लेकर प्रशासन ने अपने स्तर पर सहादतगंज से सर्किट हाउस रकाबगंज तक तथा उदया चौराहे से लेकर नया घाट तक 31 अक्तूबर तक सड़क के रंग रोगन करने का निर्देश दे दिया गया है। अयोध्या में सड़कों के निर्माण और सीवर लाइन के निर्माण के कारण अनेक रास्ते बंद चल रहे हैं और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।