नागपुर से बेंगलुरु जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट का आपातकालीन एग्जिट गेट (निकलने वाला दरवाजा) खोलने का प्रयास करने के आरोप में एक यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है। एयरलाइन की शिकायत पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 336 (दूसरों के जीवन या निजी सुरक्षा को खतरे में डालने वाला काम) के तहत FIR दर्ज की थी। आरोपी को गिरफ्तार कर थाने ले जाया गया। बाद में उसे जमानत पर छोड़ दिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान स्वप्निल होले के रूप में हुई है। वो 30 सितंबर को रात करीब 10 बजे नागपुर से इंडिगो की बेंगलुरु जाने वाली फ्लाइट नंबर 6ई 6803 में चढ़ा था।होले विमान के आपातकालीन निकास दरवाजे के पास बैठा था। आरोप है कि विमान के उड़ान भरने से पहले जब चालक दल के सदस्य यात्रियों को उड़ान संबंधी जानकारी दे रहे थे, तभी उसने दरवाजे को खोलने का प्रयास किया। फ्लाइट के स्टाफ ने उसे ऐसा करने से मना किया। वो नहीं माना तो उसे जबरन एक जगह पर बैठा दिया गया।
विमान रात तकरीबन 12 बजे केंपेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा तो होले को एयरलाइन के मुलाजिम थाने ले गए। वहां उससे काफी देर तक पूछताछ की गई। पुलिस ने बताया कि होले को एक अक्टूबर को बैंकॉक की उड़ान लेनी थी। उसने ये हरकत पहली बार की थी लिहाजा उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया। उसे हिदायत दी गई है कि अगर आगे से ऐसी कोई हरकत की तो उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि होले ने भी आश्वस्त किया है कि वो ऐसा काम फिर से नहीं करेगा।
ध्यान रहे कि फ्लाइट का आपातकालीन दरवाजा खोले जाने की कोशिश की ये पहली घटना नहीं है। हाल ही में ऐसी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। एयरलाइंस का कहना है कि फ्लाइट का स्टाफ चाकचौबंद रहता है। इसी वजह से ऐसी घटनाएं रोक ली जाती हैं।