तमिलनाडु के मरापलम के पास एक बस खाई में गिर गई। ये हादसा शनिवार शाम हुआ। इस दुर्घटना में करीब 35 यात्री घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार बस तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले में ऊटी से मेट्टुपालयम जा रही थी, जब यह दुर्घटना का शिकार हुई।
घायलों को इलाज के लिए कुन्नूर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने कहा, “बस में 55 लोग सवार थे। 35 लोग घायल हो गए और उन्हें एम्बुलेंस से इलाज के लिए कुन्नूर के सरकारी अस्पताल भेजा गया।” पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच के दौरान, यह पता चला कि चालक ने पहियों पर नियंत्रण खो दिया और कुन्नूर के पास मरापलम में 100 फीट गहरी खाई में बस गिर गई।
कुन्नूर सरकारी अस्पताल के संयुक्त निदेशक पलानी सैमी ने भी 8 मौतों की पुष्टि की। उन्होंने कहा, “मृतकों में तीन महिलाएं और 5 पुरुष शामिल हैं।” जैसी ही घटना हुई तुरंत स्थानीय अधिकारी और बचाव दल तत्काल सहायता प्रदान करने के लिए घटनास्थल पर पहुंच गए।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने संवेदना व्यक्त की और दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिवारों के लिए 2 लाख रुपये की वित्तीय राहत की घोषणा की। दुर्घटना का सटीक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। हालांकि पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि शुक्रवार को भी मध्य प्रदेश के खरगोन में बस हादसा हुआ था। दरअसल जिले के रोडिया के पास एक यात्री बस चलते चलते अचानक पुलिया से नीचे गिरी थी। इस बस में करीब 25 यात्री सवार थे और इनमें से करीब आठ यात्रियों को चोटें आई थी। जबकि बस का ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिया की ऊंचाई ज्यादा नहीं थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। इस बस की दुर्घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ था।
बस के नदी में गिरते ही आसपास अफरा तफरी का माहौल हो गया। वहीं इस बस हादसे की सूचना मिलते ही रोडिया पुलिस मोके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से सभी यात्रियों का रेस्क्यू किया गया।