Delhi NCR Weather Forecast: दिल्ली एनसीआर में मौसम का मिजाज बदल गया है। सितंबर के महीने में भले ही कम बारिश हुई हो लेकिन रात का तापमान काफी बदल रहा है। मौसम विभाग की मानें तो आज देश की राजधानी नई दिल्ली में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री और अधिकतम तापमान 35 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। वहीं, नई दिल्ली में आज आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। कुछ राज्यों से मानसून की विदाई हो चुकी है। वहीं मौसम विभाग ने कुछ राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक 29 सितंबर से पूर्वी भारत के राज्यों में भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
देश के तर पश्चिम भारत और पश्चिमी मध्य भारत के कुछ हिस्सों से मानसून की विदाई के लिए स्थितियां अनुकूल हैं। राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों से 25 सितंबर यानी सोमवार से ही मॉनसून की वापसी की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। अब संभवनाएं जताई जा रही हैं कि सितंबर के अंत तक मॉनसून पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों को अलविदा कह सकता है। हालांकि, बिहार, झारखंड समेत कई हिस्सों में कुछ दिन और बारिश होने के आसार हैं।
दिल्ली-एनसीआर में 30 सितंबर को भी अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री तक रह सकता है। इसके बाद एक से चार अक्टूबर तक तापमान में और कमी आएगी। अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री के आसपास दर्ज होगा। वहीं न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री तक रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार अक्टूबर के मध्य तक अधिकतम तापमान में भी गिरावट महसूस होने लगेगी। हालांकि सर्दियों की शुरुआत अक्टूबर के आखिर या नवंबर के शुरुआती हफ्ते में ही होगी।