तमिलनाडु को कावेरी का पानी छोड़े जाने के विरोध में कन्नड़ समर्थकों और किसान संगठनों ने 29 सितंबर को कर्नाटक बंद का आह्वान किया है। शुक्रवार सुबह कन्नड़ समर्थक संगठनों ने मांड्या के पास कावेरी जल में खड़े होकर विरोध प्रदर्शन किया। जिसके बाद बेंगलुरु पुलिस ने कावेरी जल मुद्दे पर प्रदर्शन कर रहे कन्नड़ समर्थक संगठनों के सदस्यों को हिरासत में लिया।
बंद के चलते राज्य में सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता है। इस दौरान शुक्रवार सुबह बस टर्मिनलों और स्टेशनों पर सन्नाटा पसरा दिखा। ट्रैफिक कंट्रोलर चन्द्रशेखर ने बताया, “बसों के शेड्यूल और रूट में कोई बदलाव नहीं हुआ है, फिर भी लोग नहीं आ रहे हैं। बसें चालू हैं लेकिन लोग नज़र नहीं आ रहे हैं।”बेंगलुरु में प्रशासन ने शहर के सभी शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी की घोषणा कर दी है। जिला उपायुक्त केए दयानंद ने बताया कि चूंकि विभिन्न संगठनों की ओर से कर्नाटक बंद की घोषणा की गई है इसलिए छात्रों के हित में बेंगलुरु शहर के सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित की गई है।
#WATCH बेंगलुरु: कन्नड़ समर्थक संगठनों ने कावेरी जल विवाद पर कर्नाटक बंद का आह्वान किया। वीडियो बीएमटीसी और केएसआरटीसी बस टर्मिनल से है। pic.twitter.com/AvqjJgTxBT
कर्नाटक रक्षणा वेदिके, कन्नड़ चालुवली (वटल पक्ष) और विभिन्न किसान संगठनों समेत प्रमुख संगठन ‘कन्नड़ ओक्कुटा’ ने सुबह से शाम तक राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है। हालांकि, बेंगलुरु पुलिस ने शहर में किसी भी तरह के बंद की अनुमति नहीं दी है और बड़ी सभाओं पर प्रतिबंध के साथ ही धारा 144 लागू कर दी गयी है। शुक्रवार को निजी और कॉर्पोरेट क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों को घर से काम करने की सलाह दी गयी है।
बंद के प्रति एकजुटता दिखाते हुए 29 सितंबर को ओला और उबर जैसी कैब सेवाएं निलंबित रहेंगी। परिणामस्वरूप, आम जनता के लिए पूरे दिन यात्रा करना चुनौतीपूर्ण हो जाएगा। कर्नाटक स्टेट प्राइवेट स्कूल्स एसोसिएशन के एक पदाधिकारी ने कहा कि उनकी संस्था बंद को नैतिक समर्थन दे रही है। पदाधिकारी ने कहा कि उन्होंने अपने एसोसिएशन के सदस्यों से कहा है कि वे बंद को लेकर अपने विवेक का इस्तेमाल करें। छात्रों को सूचित कर दिया गया है कि स्कूल बंद रहने की संभावना है।
भाजपा और जनता दल (सेक्यूलर) ने भी बंद को अपना समर्थन दिया है। साथ ही होटलों, ऑटोरिक्शा और कार चालकों के संघों ने भी बंद का समर्थन किया है। इस बीच राज्य के परिवहन विभाग ने सरकारी परिवहन निगमों को अपनी सेवाएं जारी रखने का निर्देश दिया है।
बेंगलुरु पुलिस ने अत्तिबेले के पास कावेरी जल मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे कन्नड़ समर्थक संगठनों के सदस्यों को शुक्रवार को हिरासत में लिया। एसपी, बेंगलुरु ग्रामीण मल्लिकार्जुन बलदांडी ने कहा, “हमने इस संबंध में सभी उचित व्यवस्थाएं की हैं, विशेष रूप से अत्तिबेले बॉर्डर पर क्योंकि यह बेंगलुरु शहर में वाहनों के प्रवेश का बिंदु है। हमने लगभग 200 अफसरों को तैनात किया है। पहले भी दो संगठन इस मुद्दे पर आकर विरोध कर चुके हैं। हमने एहतियातन लगभग 50 लोगों को हिरासत में लिया है।”