चंद्रयान-3 को लेकर इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने बड़ा बयान दिया है। चंद्रमा पर विक्रम लैंडर और प्रज्ञान रोवर सो रहे हैं और उन्हें जगाने के लिए इसरो प्रयास कर रहा है। वहीं इस बीच लोगों के मन में शंका था कि अगर ये दोनों नहीं जागे तो चंद्रयान-3 मिशन का क्या होगा? इसी सवाल पर सोमनाथ ने कहा कि अब दुखी होने की जरूरत नहीं है। लैंडर विक्रम और प्रज्ञान रोवर को जो काम दिया गया था, वह पूरा हो चुका है। अगर अब वह नींद से बाहर भी नहीं आते हैं तो कोई दिक्कत नहीं है।
इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने कहा कि चंद्रयान-3 मिशन पूरी तरह से सफल रहा है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि अगर रोवर और लैंडर के सर्किट डैमेज नहीं हुए होंगे, तो वे दोनों फिर से जाग सकते हैं और एक्टिव हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि जब तक सूरज और चांद रहेंगे तब तक चंद्रयान-3 चंद्रमा पर मौजूद रहेगा।
इसरो प्रमुख गुजरात के सोमनाथ पहुंचे थे और वहां पर उन्होंने मीडियाकर्मियों से बात करते हुए कहा कि अगर प्रज्ञान रोवर और विक्रम लैंडर नहीं जागते हैं तो कोई दिक्कत नहीं है। हालांकि उनसे संपर्क साधने के लिए इसरो लगातार प्रयास कर रहा है और अगली रात होने तक प्रयास चलता रहेगा। इसरो प्रमुख ने कहा कि विक्रम लैंडर और प्रज्ञान रोवर से अभी तक संपर्क नहीं साधा जा सका है और उनके पास से कोई संदेश भी नहीं आ रहा है।
इसमें प्रमुख सोमनाथ ने इसरो द्वारा लांच किए जाने वाले अगले मिशन के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि इसरो जल्द ही एक क्लाइमेट ऑब्जरवेशन सैटेलाइट लॉन्च करेगा। इसका नाम INSAT-3DS है। यह देश के मौसम से संबंधित जानकारी देगा और इसकी लांचिंग नवंबर या दिसंबर में होगी।