अयोध्या में इस दीपोत्सव कुछ खास हो सकता है। दीपोत्सव के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को न्योता भेजा गया है। इस बार दीपोत्सव में एक नया रिकॉर्ड भी बन सकता है। इस बार राम की पैड़ी पर 21 लाख दिए जलाने की तैयारी की जा रही है। जानकारी के मुताबिक राष्ट्रपति और पीएम के अयोध्या आगमन की संभावना को लेकर अयोध्या के मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने 23 सितंबर को नोडल अधिकारी कोविड 19 एंड वैक्सीनेशन को एक पत्र लिखा है। इसमें सभी आवश्यक व्यवस्थाएं और जांच पूरी करने का आदेश दिया गया है।
राम की पैड़ी पर दीपोत्सव का त्योहार 2017 से मनाया जा रहा है। 2017 में यहां 1.87 लाख दिए जलाए गए थे। 2018 में 3 लाख से अधिक दिए जलाकर पिछला रिकॉर्ड टूट गया। 2019 में यहां 4 लाख से अधिक दिए जलाए गए। वहीं 2020 में 6.66 लाख, 2021 में 9 लाख और 2022 में 15 लाख से अधिक दिए जलाने के वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया। पिछली साल कार्यक्रम की व्यवस्था के लिए 19 हजार स्वयंसेवक शामिल हुए थे। इस बार इनकी संख्या 25 हजार तक हो सकती है।
बता दें कि यह तीसरा मौका होगा जब प्रधानमंत्री रहते हुए नरेन्द्र मोदी अयोध्या पहुंचेंगे। इससे पहले वह 5 अगस्त 2020 को राममंदिर का भूमि पूजन करने अयोध्या आए थे। इसके बाद 2022 में उन्होंने दीपोत्सव कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस बार भी दीपोत्सव में वह शामिल हो सकते हैं। बता दें कि राममंदिर का निर्माण तेजी से हो रहा है। अगले साल जनवरी में पीएम मोदी राम मंदिर में राम लला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में भी शामिल हो सकते हैं।