पंजाब में कांग्रेस विधायक सुखपाल खैरा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। उसके जलालाबाद स्थित घर पर तड़के रेड की गई है। इसके बाद विधायक सुखपाल खैरा को पंजाब पुलिस ने चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। इसकी जानकारी खुद सुखपाल खैरा ने दी और बताया कि उनके खिलाफ चल रहे एक पुराने एनडीपीएस केस में या छापेमारी की गई है। पुलिस टीम में दो महिला कांस्टेबल भी है। जानकारी के मुताबिक पंजाब पुलिस की टीम उन्हें जलालाबाद लेकर गई है और ये गिरफ्तारी 2015 के एक पुराने केस में की गई है।
सुखपाल खैरा ने मामले की जानकारी देते हुए कहा कि यह छापेमारी उनके खिलाफ चल रहे एक पुराने एनडीपीएस केस में की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान उनके खिलाफ दुश्मनी निकाल रहे हैं। खैरा कांग्रेस के किसान सेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं।
बता दें कि इससे पहले यह मामला 2015 में तब सुर्खियों में सामने आया था जब उनके खिलाफ ड्रग्स तस्करी के मामले में भी केस दर्ज किया गया था। फाजिल्का कोर्ट ने कुछ ड्रग्स तस्करों की गिरफ्तारी के बाद खैरा को समन किया था। पंजाब पुलिस ने इन तस्करों के पास से 2 किलो हेरोइन, 24 गोल्ड बिस्किट, दो पाकिस्तान सिम कार्ड और एक देशी पिस्टल बरामद की थी। पंजाब पुलिस का आरोप है कि खैरा अपने पर्सनल सेक्रेटरी के फोन से तस्करों से बात किया करते थे।