Air India Flight Crew Uniform: एयर इंडिया का फ्लाइट क्रू अब जल्द ही नए लुक में नजर आएगा। एयर इंडिया क्रू मेंबर की यूनिफॉर्म में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। सभी स्टाफ के नया यूनिफॉर्म दिया जाएगा। नवंबर के महीने से एयर इंडिया में नई यूनिफॉर्म के साथ क्रू मेंबर दिखाई दे सकते हैं। अभी तक फ्लाइट अटेंडेंट साड़ी में नजर आती थीं। अब उन्हें नया लुक दिया जाएगा। जानकारी के मुताबिक महिलाओं के लिए चूड़ीदार डिजाइन वाली यूनिफॉर्म सेलेक्ट की गई है। इसके अलावा पुरुष अटेंडेंट सूट में नजर आएंगे।
जानकारी के मुताबिक एयर इंडिया की नई यूनिफॉर्म को फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने डिजाइन किया है। एयर इंडिया में विस्तारा का विलय होने के बाद अब उसकी यूनिफॉर्म भी एयर इंडिया जैसी दिखाई दे सकती है। 10 अगस्त को एयरलाइन की ओर से इसका ऐलान भी किया गया था। बताया जा रहा है कि नई वर्दी का रंग डार्क रेड, बैंगनी या गोल्ड कलर में हो सकता है।
एयर इंडिया में करीब 6 दशक बाद यूनिफॉर्म में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। इससे पहले 1962 तक महिला कर्मी स्कर्ट, जैकेट और टोपी पहनती थीं। इसके बाद साड़ियों को जगह दी गई। उस दौरान टाटा एयरलाइंस की ज्यादातर एयरहोस्टेस या तो एंग्लो इंडियन या फिर यूरोपीय मूल की थीं। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक पहली साड़ियां बिन्नी मिल्स से ली गई थीं। नई यूनिफॉर्म को लेकर एयरलाइन को कई विकल्प दिए गए। इसमें रेडी टू वियर साड़ियां भी शामिल थीं जो साड़ी की तरह दिखती थीं लेकिन पारंपरिक साड़ी की तरह नहीं पहनी जाती थीं।