दो युवकों की हत्या के मामले की जांच के लिए सीबीआई की टीम बुधवार को मणिपुर पहुंच गई। सीबीआई के विशेष निदेशक अजय भटनागर के नेतृत्व में एक टीम यहां पहुंची है। उसने जुलाई में लापता हुए दो युवकों की हत्या मामले की जांच शुरू कर दी है।
मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें आश्वासन दिया कि दोनों युवकों का अपहरण और हत्या करने वालों को गिरफ्तार कर सजा दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इम्फाल में उतरने के बाद सीबीआई टीम ने जांच शुरू कर दी है। उन्होंने इस बारे में कोई विवरण साझा नहीं किया कि सीबीआई टीम जांच के लिए किन जगहों पर गई। जुलाई से लापता दो युवकों के शवों की तस्वीरें सोमवार को सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मंगलवार को छात्रों ने विरोध-प्रदर्शन किया था। उसके बाद मणिपुर सुलग उठा था।
उधर, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के मुख्यमंत्री अक्षम हैं। उन्हें बर्खास्त करना चाहिए। एक्स पर एक पोस्ट में वो बोले कि पूर्वोत्तर राज्य भाजपा के कारण युद्ध के हालात हैं। महिलाओं और बच्चों के खिलाफ हिंसा को हथियार बनाया गया है।
उनकी टिप्पणी सिंगजामेई इलाके में छह जुलाई से लापता दो छात्रों की हत्या के विरोध में प्रदर्शन कर रहे जवानों और इलाकाई लोगों के बीच मंगलवार रात हुई झड़प के बाद आई है। जवानों ने लाठी भांजने के साथ लोगों पर रबर की गोलियां भी चलाईं। इसमें 45 लोग घायल हो गए। उनमें अधिकतर छात्र थे। खड़गे का कहना है कि बीरेन सिंह लगातार नाकाम साबित हो रहे हैं। उनको बाहर का रास्ता दिखाया जाना चाहिए।
मणिपुर में तीन मई को हुए जातीय संघर्ष के बाद से ही तनाव बना हुआ है। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि हम चाहते हैं कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।