लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाले एनडीए से मुकाबला करने के लिए विपक्षी दलों ने इंडिया गठबंधन का बनाया। इंडिया गठबंधन में 28 दल शामिल हैं। इसमें आम आदमी पार्टी भी शामिल है। लेकिन आम आदमी पार्टी के कुछ बयानों से कांग्रेस को मुसीबत हो सकती है। पहले पंजाब सरकार में मंत्री अनमोल गगन मान ने ऐलान किया कि वह पंजाब की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। वहीं इसके बाद हरियाणा को लेकर पार्टी के संगठन मंत्री संदीप पाठक ने कहा कि पार्टी सभी 90 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी।
वहीं अब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने छत्तीसगढ़ का दौरा किया। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। वहीं छत्तीसगढ़ के आम आदमी पार्टी के प्रभारी संजीव झा ने कांग्रेस को भी निशाने पर लिया।
छत्तीसगढ़ के बस्तर में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रभारी संजीव झा ने कहा कि छत्तीसगढ़ बनने के बाद से ही बस्तर की जनता ने जिस दल पर भरोसा किया, प्रदेश में उसी की सरकार बनी। उन्होंने कहा कि आपने 15 वर्ष भाजपा को और उसके बाद कांग्रेस को मौका दिया, पर दोनों ही दलों ने यहां के लोगों की उम्मीदों को ध्वस्त करने का काम किया।
वहीं जनसभा को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “हम 28 दलों ने मिलकर एक गठबंधन बनाया और उसका नाम इंडिया रखा। इसके बाद बीजेपी वालों ने इंडिया का नाम बदलकर भारत करने की बात कही। क्या इंडिया बीजेपी के पिताजी का है? इंडिया 140 करोड़ देशवासियों का है।”
बता दें कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की ओर से ऐसे बयान आ रहे हैं, जिससे ऐसा लग रहा है कि दोनों दलों के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। पहले पंजाब में आम आदमी पार्टी ने अकेले चुनाव लड़ने के ऐलान किया तो वहीं बाद में हरियाणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सभी 10 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। इंडिया गठबंधन का निर्माण लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए हुआ है। लेकिन लोकसभा सीटों को लेकर ही आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं।