Skill Development Corporation Case: आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की जेल में सुरक्षा को लेकर पार्टी चिंतित है। इसको लेकर तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के जिला अध्यक्ष किमिदी नागार्जुन ने केंद्र सरकार से अपील करते हुए कहा कि राजमुंदरी सेंट्रल जेल में बंद पूर्व मुख्यमंत्री एन.चंद्रबाबू नायडू की सुरक्षा का ख्याल रखा जाए। क्योंकि उनको अपराधियों और माओवादियों से धमकी मिल चुकी है, वो भी इसी जेल में थे।
नागार्जुन ने जेल अधीक्षक को अचानक बदलने पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने आरोप लगाया कि यह जेल में नायडू को नुकसान पहुंचाने की साजिश हो सकती है। उन्होंने कहा कि जेल में बंद आंध्र प्रदेश के पूर्व सीएम की सुरक्षा को लेकर आम लोग चिंतित हैं। हम सभी लोग चंद्रबाबू नायडू के साथ हैं और उनके समर्थन में हमें लोगों से अच्छी प्रतिक्रियाए मिल रही हैं, क्योंकि सभी लोग समझ गए हैं कि चंद्रबाबू नाडयू के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने कहा कि जेल से रिहा होने तक जिले में भूख हड़ताल और अन्य आंदोलनात्मक जारी रहेंगे।
आंध्र प्रदेश राज्य कौशल विकास निगम में घोटाले के आरोप में फंसे पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू को गुरुवार को आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली थी। कोर्ट ने ACB कोर्ट की कार्यवाही पर अंतरिम रोक लगा दी थी। यह रोक 18 सितंबर तक प्रभावी रहेगी। उस दौरान तक नायडू न्यायिक हिरासत में रहेंगे। जस्टिस के श्रीनिवास रेड्डी ने अपने आदेश में कहा था कि 18 सितंबर तक सीआईडी नायडू को हिरासत में नहीं ले सकती। हाईकोर्ट 19 को फिर से मामले की सुनवाई करेगा।
वहीं जनसेना पार्टी के नेता पवन कल्याण ने गुरुवार को सेंट्रल जेल पहुंचकर चंद्रबाबू नायडू से मुलाकात की थी। जेल से बाहर आने के बाद पवन कल्याण ने कहा था कि जनसेना पार्टी और टीडीपी अगले चुनाव में साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगी, क्योंकि आंध्र प्रदेश वाईएसआरसीपी का शासन बर्दाश्त नहीं कर सकता।
एनडीए के सहयोगी जनसेना पार्टी के नेता ने कहा कि वह इस बारे में काफी समय से सोच रहे थे कि क्या जनसेना और टीडीपी आगामी चुनाव एक साथ लड़ सकते हैं, लेकिन चंद्रूबाबू नायडू की गिरफ्तारी के बाद मैंने फैसला कर लिया कि दोनों पार्टी एक साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे।
आंध्र प्रदेश के पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू को कौशल विकास निगम के कोष में हेराफेरी से जुड़े कथित धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया गया है। इससे राज्य सरकार के खजाने को 300 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है। पुलिस का कहना है कि गहन विवेचना के बाद ही नायडू को हिरासत में लेने का फैसला किया गया था। फिलहाल मामले की जांच जारी है। हम कोर्ट में मजबूती से नायडू के खिलाफ केस रखने जा रहे हैं।