गोवा के वास्को में दिल्ली जाने वाली गोवा एक्सप्रेस ट्रेन में सवार हुए आठ यात्री एक जनरल डिब्बे में बेहोश पड़े पाए गए। उन्हें कर्नाटक के बेलगावी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। ये सभी यात्री गोवा में काम करने वाले मजदूर थे और मध्य प्रदेश के खंडवा में अपने घर की ओर जा रहे थे।
रेलवे पुलिस को सतर्क कर दिया गया है और एक रेलवे डॉक्टर ने उनकी देखभाल की। सूत्रों ने बताया कि ट्रेन के बेलगावी स्टेशन पहुंचने पर यात्रियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
वहीं पुलिस को संदेह है कि यह फूड पॉइजनिंग का मामला है। वे उन रिपोर्टों की जांच कर रहे हैं कि प्रभावित यात्रियों ने एक स्टेशन पर ट्रेन से उतरे उनके साथी यात्रियों द्वारा दी गई चॉकलेट और स्नैक्स खा लिए थे। पुलिस को संदेह है कि खाने-पीने की चीजों में नशीला पदार्थ मिलाया गया होगा।
बता दें कि इसके पहले उत्तर प्रदेश के अयोध्या से एक बड़ी खबर सामने आई थी, जहां एक महिला पुलिस कर्मी घायल अवस्था में ट्रेन के अंदर मिली थी। 30 अगस्त को मनकापुर से अयोध्या जाने वाली सरयू एक्सप्रेस की खाली बोगी में महिला कांस्टेबल सीट के नीचे घायल अवस्था में पाई गई थी। बताया गया कि सुल्तानपुर में पोस्टेड महिला कांस्टेबल अयोध्या मेले में अपनी ड्यूटी के लिए जा रही थी।
सुबह करीब 4 बजे लोगों ने महिला कांस्टेबल को बेहद खराब हालत में देखा और उसके कपड़े फटे हुए थे। उसके सिर पर कई निशान भी थे। इसके बाद महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया पुलिस अभी भी इस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस घटना के सामने आने के बाद अधिकारियों के हाथ पांव फूल गए थे और एडीजी लॉ एंड ऑर्डर खुद महिला से मिलने अस्पताल पहुंचे थे। महिला को पहले जीआरपी अस्पताल में भर्ती कराया गया और उसके बाद उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा भी दर्ज किया है।